कांग्रेस ने हिमंत बिस्वा के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दी, नामांकन रद्द कराने की मांग

Spread the love

नईदिल्ली , असम में विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच कांग्रेस ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को सरमा और उनकी पत्नी पर विदेश में अकूत संपत्ति बनाने और 3 पासपोर्ट रखने का आरोप लगाने के बाद सोमवार को पार्टी ने चुनाव आयोग में सरमा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस ने चुनावी हलफनामे में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए नामांकन रद्द कराने की मांग की है।
कांग्रेस असम प्रभारी भूपेश बघेल जालुकबाड़ी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार बिदिशा नियोग के साथ राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी दफ्तर में शिकायत करने पहुंचे थे। कांग्रेस ने अपने पत्र में कहा है कि सरमा ने चुनावी हलफनामे में अपनी विदेशों में संपत्ति की जानकारी नहीं दी है, जो चुनाव संबंधी कानूनों का स्पष्ट उल्लंघन है। बघेल ने कहा कि अभी असम के और मंत्रियों की अंदरूनी जानकारी का खुलासा किया जाएगा।
कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरमा और उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि सरमा परिवार के पास दुबई में 2 संपत्ति है और अमेरिका में 52,000 करोड़ रुपये की एक कंपनी पंजीकृत है। मुख्यमंत्री सरमा ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सभी आरोपों में पाकिस्तान का हाथ बताते हुए झूठा बताया और कहा कि उनकी पत्नी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *