पदमेंद्र रावत को मिला यंग उत्तराखंड सिनेमा अवार्ड

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सतपुली ग्राम रिंगवाडगांव निवासी पदमेंद्र सिंह रावत को यंग उत्तराखंड सिनेमा अवार्ड से सम्मानित किया गया है। दिल्ली में आयोजित अवार्ड समारोह में उन्हें म्यूजिक ज्यूरी में जज की भूमिका निभाने और अभिनय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मान मिला। पदमेंद्र हिंदी धारावाहिकों के साथ ही कई गढ़वाली फिल्मों और गीतों में भी काम कर चुके हैं। इससे पूर्व भी उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।


दिल्ली में आयोजित समारोह में उत्तराखंड के कई कलाकारों ने प्रतिभाग किया। पदमेंद्र रावत ने बताया कि इस वर्ष पुरस्कार के लिए 40 गीतों में से पांच गीतों का चयन किया गया था। चयनित गीतों में उनके अभिनय को भी सराहा गया और उन्हें सम्मानित किया गया। इसके साथ ही यंग उत्तराखंड सिनेमा अवार्ड में जज की भूमिका निभाने के लिए भी उन्हें पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि उनकी दो गढ़वाली फिल्में ‘कंडाली’ और ‘युद्धवीर’ जल्द पर्दे पर आने वाली हैं। ‘कंडाली’ का निर्देशन शिव नारायण सिंह रावत और ‘युद्धवीर’ का निर्देशन बीएस नेगी ने किया है। इसके अलावा जोधा फिल्म के बैनर तले सुशीला रावत के निर्देशन में बनी फिल्मों ‘चक्रव्यूह’ और ‘दरोल्या’ में अभिनय के लिए उन्हें बेस्ट खलनायक का पुरस्कार भी मिल चुका है। पदमेंद्र सिंह रावत दिल्ली स्थित ऑल इंडिया रेडियो में ए-ग्रेड कलाकार हैं। वह वर्तमान में दिल्ली पुलिस में सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं। उनका कहना है कि कला के माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति और सभ्यता को देश-दुनिया तक पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *