जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : कोट ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सबदरखाल में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्र के 39 से अधिक गांव के लोगों का स्वास्थ्य इसी अस्पताल पर निर्भर हैं। अस्पताल केवल एक ही चिकित्सक के भरोसे चल रहा है। अस्पताल में मामूली जांचे भी नहीं हो पा रही है। जिस कारण मरीजों की बीमारी का समय से पता नहीं चल पा रहा है। जिससे ग्रामीण अन्य अस्पतालों में जाने को मजबूर है।

पौड़ी-देवप्रयाग राज्य राजमार्ग पर स्थित पीएचसी सबदरखाल में सबदरखाल बाजार समेत कुंडी, रणाकोट, कोटा, समन, नौगांव, पाली, चपरौली समेत 39 से अधिक गांवों का एकमात्र अस्पताल है, लेकिन अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव बना हुआ है। क्षेत्र पंचायत सदस्य कुंडी सुमन, रेखा देवी का कहना है कि क्षेत्र की बड़ी आबादी इसी अस्पताल के भरोसे है, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर मरीजों की खून की जांच समेत अन्य सामान्य जांचें तक भी नहीं हो पा रही है। जिला अस्पताल से एंबुलेंस बुुलाने के लिए मरीजों को काफी देर इंतजार करना पड़ता है। ग्रामीण सिपाल सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी आबादी केवल एक ही चिकित्सक के भरोसे है। समय पर उपचार नहीं मिलने से ग्रामीणों को जिला अस्पताल या श्रीनगर ही जाना पड़ता है।