बरसात में कमर तोड़ रहे गड्ढें, नींद में सिस्टम

Spread the love

शहर में बदहाल पड़ी हैं अधिकांश सड़कें
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में शायद ही कोई ऐसी मुख्य सड़क हो, जो इन दिनों गड्ढों से अछूती हो। वर्षाकाल में सड़कों पर बने ये गड्ढे मिट्टी व रेत से भी भरे हुए हैं। ऐसे में भारी वाहनों के गुजरते ही सड़क पर कीचड़ फैल रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि पूर्व में शिकायतें किए जाने के बावजूद सरकारी सिस्टम की नजर अब तक इन गड्ढों पर नहीं पड़ी है।
नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत चालीस वार्डों को जोड़ने वाली मुख्य सड़कें राहगीरों को जख्म दे रही है।

देवी रोड से तड़ियाल चौक को जाने वाले मार्ग पर सड़क गड्ढों के बीच खो गई है। जल निगम कार्यालय के समीप गड्ढों में वर्षा के दौरान बहने वाला कीचड़ व रेत जमा हो जाता है। ऐसे में वाहन चलने पर पूरा धूल का गुब्बार बना रहता है। यही स्थिति यहां से बीईएल को जाने वाले मार्ग की बनी हुई है। मानपुर से बेलाडाट को जाने वाली सड़क तो पूरी तरह बदहाल पड़ी हुई है। हल्की वर्षा होने पर गड्ढो पानी से भर जाते हैं। जिससे दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। दुर्गापुरी, मवाकोट, हल्दूखाता सहित अन्य मुख्य सड़कों की भी यही स्थिति बनी हुई है।

चंद माह में बदहाल सड़क
शिवपुर से महाविद्यालय को जाने वाली सड़क की लोक निर्माण विभाग ने चंद माह पूर्व ही मरम्मत करवाई थी। लेकिन, वर्तमान में यह सड़क दोबारा से बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। इंटरनेट मीडिया पर क्षेत्रवासी सड़क की गुणवत्ता व सरकारी सिस्टम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि शहर में केवल खानापूर्ति के लिए सड़क मरम्मत की जाती है। चंद माह बाद ही सड़कें पूरी तरह बदहाल हो जाती हैं। बदहाल सड़क पर कब बड़ा हादसा हो जाएं कुछ कहा नहीं जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *