देहरादून। पहाड़ों की रानी मसूरी में हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश का असर शहर के पर्यटन कारोबार पर भी पड़ा है। लगातार हो रही बारिश और देहरादून-मसूरी मार्ग पर आए दिन हो रहे भूस्खलन से मसूरी के होटल उद्योग को काफी नुकसान उठाना पड़ा है।
सड़क बंद होने की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के कारण पर्यटकों में भी असमंजस की स्थिति पैदा हो रही है, जिससे कई पर्यटक अपनी बुकिंग रद्द कर रहे हैं। छोटे-बड़े भूस्खलन की नकारात्मक खबरों के कारण पर्यटक असमंजस में है। गलत सूचनाओं के कारण पर्यटन पर उसका खासा असर पड़ा है। इस बार बारिश अपेक्षाकृत अधिक होने के कारण देहरादून-मसूरी मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ। इससे पर्यटन कारोबार प्रभावित हुआ और होटल व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। बारिश से सड़कों की हालत खराब हो गई है। बड़ी संख्या में पर्यटकों ने बुकिंग रद्द की है। सुरक्षा की दृष्टि से मसूरी पूरी तरह से सुरक्षित है लेकिन सड़कों और भूस्खलन की नकारात्मक सूचनाओं का असर पर्यटन पर पड़ रहा है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां प्रभावी सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।