उत्तरकाशी/बड़कोट। गत मध्यरात्रि हुई भारी बारिश के चलते गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा और पत्थर आने से यातायात प्रभावित रहा। गंगोत्री हाईवे पर ओपन टनल के समीप मलबा गिरने से करीब डेढ़ घंटे तक आवाजाही बाधित रही। सूचना मिलने पर बीआरओ की टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया। इस दौरान गंगोत्री जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर रानाचट्टी और अन्य स्थानों पर मलबा व पत्थर आने से हाईवे करीब चार घंटे तक बंद रहा। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही एनएच की टीम तड़के मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह ही मार्ग को खोल दिया गया। हालांकि, हाईवे खुलने के बाद भी फूलचट्टी क्षेत्र में भू-धंसाव के कारण सफर जोखिम भरा बना हुआ है। बारिश के दौरान यहां स्थिति और संवेदनशील हो जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतते हुए आवाजाही करनी पड़ रही है। बुधवार रात हुई भारी बारिश के दौरान रानाचट्टी के पास भूस्खलन से 11 केवी विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते यमुनोत्री धाम समेत गीठ पट्टी के 12 गांवों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने से स्थानीय ग्रामीणों, व्यापारियों और यमुनोत्री धाम में मौजूद श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही ऊर्जा निगम की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत शुरू की। ओजरी सब स्टेशन में तैनात विद्युत कर्मी अंकित असवाल ने बताया कि यमुनोत्री धाम सहित प्रभावित गांवों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई।