जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नागरिक मंच ने राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। मंच का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद सरकारी सिस्टम अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
इस संबंध में मंच ने स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक को पत्र भेजकर अस्पताल की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया है। पत्र में कहा गया है कि बेस अस्पताल कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र सहित आसपास के हजारों लोगों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, लेकिन चिकित्सकों की कमी, विशेषज्ञ सेवाओं के अभाव और कई चिकित्सा उपकरणों के संचालन न होने से अस्पताल महज रेफरल सेंटर बनकर रह गया है। इसका खामियाजा मरीजों और उनके परिजनों को भुगतना पड़ रहा है। मंच के अनुसार अस्पताल में कई आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण मरीजों को निजी संस्थानों में जांच कराने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। मंच ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग और सरकारी अस्पताल आमजन के स्वास्थ्य अधिकारों की अनदेखी कर रहे हैं। नागरिक मंच के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश नैथानी और महासचिव अतुल भट्ट ने स्वास्थ्य विभाग से 15 दिनों के भीतर अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों के सहयोग से बेस अस्पताल कोटद्वार परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।