भाजपा को बड़ा झटका, दो मंडल अध्यक्षों ने छोड़े पद

Spread the love

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा संगठन को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के दो मंडल अध्यक्षों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। दोनों मामलों से जुड़े पत्र सामने आने के बाद संगठन में हलचल तेज हो गई है।
भाजपा महानगर देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल अध्यक्ष आशीष गिरी ने पारिवारिक एवं व्यक्तिगत व्यस्तताओं का हवाला देते हुए मंडल अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया। इसके बाद महानगर महामंत्री विजेन्द्र कुमार थपलियाल की ओर से उन्हें पद से पदमुक्त किए जाने की सूचना जारी की गई। वहीं, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल के मंडल अध्यक्ष वासुदेव जखमोला ने भी निजी व्यस्तताओं एवं व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया। उनके स्थान पर कमल राठौर को मंडल अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई है। भाजपा संगठन में चुनावी तैयारियों के बीच हुए इन बदलावों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी के भीतर यह भी चर्चा है कि संगठन में वीर सिंह के करीबी माने जाने वाले नेताओं को जिम्मेदारियां दिए जाने को लेकर असंतोष था। हालांकि, इस संबंध में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है। चुनाव नजदीक आते ही धर्मपुर भाजपा में दो मंडल अध्यक्षों के इस्तीफे से संगठनात्मक समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *