महिला पर्यावरण मित्रों ने महापौर को बांधा रक्षा सूत्र

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम कोटद्वार की महिला पर्यावरण मित्रों ने बदरीनाथ मार्ग स्थित नगर निगम प्रेक्षागृह में आयोजित ‘रक्षा सूत्र’ कार्यक्रम में महापौर शैलेंद्र सिंह रावत को रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान महापौर ने महिला पर्यावरण मित्रों सहित निगम के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कोटद्वार शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।


महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह और सुरक्षा का पर्व नहीं है, बल्कि यह सम्मान, विश्वास, अपनत्व और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। नगर की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में महिला पर्यावरण मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अपने परिश्रम और समर्पण से शहर को स्वच्छ रखने में जुटी इन बहनों के योगदान को सम्मान देना पूरे नगर की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ‘रक्षा सूत्र’ कार्यक्रम के माध्यम से नगर निगम परिवार में एक नई परंपरा की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य निगम में कार्यरत बहनों के श्रम, समर्पण और योगदान को सम्मान देना है। यह पहल आपसी स्नेह, सम्मान और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। महापौर ने निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति आमजन को अधिक से अधिक जागरूक करना सभी की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल नगर निगम के प्रयासों से शहर को पूरी तरह स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता, इसके लिए आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान महिला पर्यावरण मित्रों एवं नगर निगम में कार्यरत अन्य बहनों में उत्साह और आत्मीयता का माहौल रहा। महिला पर्यावरण मित्रों ने ‘रक्षा सूत्र’ जैसी पहल के लिए महापौर एवं नगर निगम का आभार व्यक्त करते हुए इसे सम्मान और अपनत्व से जुड़ा सराहनीय प्रयास बताया। इस अवसर पर नगर निगम के समस्त पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी एवं महिला पर्यावरण मित्र मौजूद रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *