देहरादून। भाई-बहन के रिश्ते की डोर जब दिल से जुड़ती है तो उसके सामने धर्म और मजहब की दीवारें भी छोटी पड़ जाती है। रुड़की में पारुल भाटिया निवासी सिविल लाइंस और भारतनगर निवासी सलमान भाई-बहन की ऐसी ही मिसाल है जो समाज को प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दे रही है। पिछले 12 वर्षों से सोशल वर्कर पारुल भाटिया हर रक्षाबंधन पर अपने भाई सलमान की कलाई पर राखी बांधती आ रही हैं।सिविल लाइन क्षेत्र में सलमान सैलून का संचालन करते हैं, जबकि पारुल भाटिया सामाजिक कार्यों से जुड़ी है। दोनों के बीच वर्षों से भाई-बहन जैसा स्नेह और विश्वास कायम है। रक्षाबंधन के पर्व पर पारुल राखी बांधकर भाई सलमान से रक्षा का वचन लेती है। इस दौरान दोनों परिवार भी इस रिश्ते को पूरे सम्मान और अपनत्व के साथ स्वीकार करते हैं।