जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रक्षाबंधन पर्व से एक दिन पहले कोटद्वार का बाजार खरीदारों से खचाखच भरा रहा। सुबह से ही शहर के मुख्य बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी थी। दोपहर तक स्थिति यह रही कि छोटी-बड़ी अधिकांश दुकानों में ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी। पर्व को लेकर बाजार में बढ़ी चहल-पहल से कारोबारियों के चेहरे भी खिले नजर आए।

शुक्रवार को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाना है। इसके चलते पिछले दो दिनों से बाजार में खरीदारी का सिलसिला तेज है, लेकिन गुरुवार को भीड़ सबसे अधिक रही। आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग कोटद्वार पहुंचे। बहनों ने भाइयों के लिए पसंद की राखियां खरीदीं तो भाइयों ने बहनों को उपहार देने के लिए कपड़े, गिफ्ट और अन्य सामान की खरीदारी की। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई दुकानदारों ने सामान पर विशेष ऑफर भी दिए। बाजार में बढ़ी भीड़ का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। खरीदारी के लिए पहुंचे कई लोगों ने अपने वाहन सड़क किनारे या सड़क पर ही खड़े कर दिए। इससे दिन भर अलग-अलग स्थानों पर यातायात दबाव बना रहा और लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। वही, रक्षाबंधन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग भी सक्रिय रहा। प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम ने बाजार में विभिन्न दुकानों का निरीक्षण कर मिठाई समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। टीम ने कारोबारियों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ दुकानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता से जुड़ी किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करने की चेतावनी दी।