देहरादून, हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हाथीबड़कला स्थित सर्वे स्टेडियम में भव्य रक्षाबंधन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर और भाजपा संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य सुधा यादव अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
रक्षाबंधन समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में वीर नारियों ने भी विशेष रूप से प्रतिभाग किया। गढ़वाली, कुमाऊंनी और नेपाली सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्तराखंड की लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।
रक्षा सूत्र प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का संकल्प : विजया राहटकर
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की नारी शक्ति को नमन करते हुए कहा कि भारत में पर्व केवल उत्सव नहीं होते, बल्कि वे सामाजिक संदेश और संस्कारों के प्रतीक भी हैं। रक्षाबंधन पर बहन द्वारा भाई की कलाई पर बांधा जाने वाला रक्षा सूत्र केवल धागा नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि रक्षा का अर्थ महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की बेटियां आज ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन दीदी’ बनकर नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। विजया राहटकर ने कहा कि रक्षाबंधन के संदेश को पूरे देश में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के संकल्प के रूप में आगे बढ़ाया जाना चाहिए। यह पर्व हमें महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।