रुद्रपुर में भड़काऊ भाषण देने वाला मुफ्ती गिरफ्तार

Spread the love

रूद्रपुर। बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में पुलिस ने रामपुर के दड़ियाल टांडा निवासी मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को रुद्रपुर में निकाले गए जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर सभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान दिए गए भाषण का वीडियो अगले दिन इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। वीडियो में मुफ्ती मुजीब मदरसों को बंद करने संबंधी किसी भी निर्णय पर आपत्ति जताते हुए दिखाई दे रहे थे। उन्होंने मदरसों में शिक्षा दिए जाने की बात कहते हुए कथित तौर पर बंद किए जाने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। साथ ही वीडियो में ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग करते हुए भी वह नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुफ्ती मुजीब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। शुक्रवार देर रात उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। रम्पुरा चौकी प्रभारी के अनुसार पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *