जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी कल्याण समिति की बैठक में कोरोना काल में रोके गए भत्तों के भुगतान समेत सेवानिवृत्त कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार से लंबित भत्तों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की।

पनियाली गेस्ट हाउस में राजेंद्र पंत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कोरोना काल के दौरान रोके गए भत्तों के भुगतान को लेकर कई बार शासन से मांग की जा चुकी है, लेकिन अभी तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों में नाराजगी है। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन कर्मचारियों के हितों के लिए लगातार काम कर रहा है और संगठन से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। बैठक में पर्यावरण संरक्षण पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। बताया गया कि संगठन ने वन विभाग के सहयोग से सनेह रेंज में पौधा रोपण अभियान चलाया है। बैठक में अनिल कुकरेती, हरीश चंद्र भट्ट, नवीन जोशी, केसी निराला, गणेश डोभाल, सुरेश चंद्र मधवाल, चंद्र किशोर असवाल, राजेंद्र प्रसाद जोशी और हरेंद्र सिंह बिष्ट मौजूद रहे।