शुद्धीकरण को लेकर कांग्रेस ने जताया आक्रोश, कार्रवाई की मांग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान में कथित शुद्धीकरण किए जाने के मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस ने घटना को अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताते हुए आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।


सोमवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोटद्वार कोतवाली पहुंचे। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी को तहरीर सौंपकर मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की। महानगर अध्यक्ष मीना बछुवाण ने बताया कि आठ अगस्त को हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली आयोजित हुई थी। आरोप है कि उनके कार्यक्रम से लौटने के बाद 10 अगस्त को श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष गिरीश चंद्र पांडे समेत करीब 15 अज्ञात लोगों ने मैदान में यज्ञ कराया और गंगाजल का छिड़काव कर शुद्धीकरण किया। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित किया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मल्लिकार्जुन खड़गे अनुसूचित समाज से आते हैं और वर्तमान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ कई बार सांसद रह चुके हैं। ऐसे में उनके भाषण के बाद मैदान को शुद्ध करने की कार्रवाई अनुसूचित जाति समाज को अपमानित करने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की गतिविधियां समाज में छुआछूत की भावना को बढ़ावा देती हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले को संविधान के अनुच्छेद 14 और 17 की भावना के विपरीत बताते हुए लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की। तहरीर देने वालों में प्रवीण रावत, बलवीर सिंह रावत, विनोद नेगी, विजय रावत, चंद्रमोहन सिंह रावत, गुड्डू सिंह चौहान और अमित राज सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *