देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं रायपुर निवासी सूरत सिंह नेगी और उनके परिवार के साथ कथित तौर पर की जा रही पुलिस कार्रवाई एवं उत्पीड़न के विरोध में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज एसएसपी कार्यालय, देहरादून का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सूरत सिंह नेगी और उनके परिवार के खिलाफ राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस कार्रवाई की जा रही है। साथ ही प्रदेश में भू-माफियाओं द्वारा आम लोगों को कथित रूप से परेशान किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया। इस दौरान एसएसपी देहरादून श्री प्रमेन्द्र सिंह डोबाल को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, एसएसपी देहरादून ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे पुलिस की जांच और कार्रवाई का इंतजार करेंगे, लेकिन यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिलता है तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि आम लोगों के साथ अन्याय और भू-माफियाओं की कथित मनमानी के खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा।