जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, कोटद्वार ने भारतीय सेना के एमटी कैंप में सैनिक भाईयों के साथ रक्षाबंध मनाया। इस दौरान कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने सैनिकों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। साथ ही देश की सेवा में दिए जा रहे सेना के योगदान को भी याद किया।

महिला मोर्चा ने सैनिकों को तिलक लगाकर उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधा कहा कि देश की रक्षा में दिन-रात जुटे जवानों के प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने का यह अवसर महत्वपूर्ण है। महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनीता आर्य ने कहा कि भारतीय सेना के जवान अपने घर-परिवार से दूर रहकर कठिन परिस्थितियों में राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। उनके शौर्य और त्याग के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में जीवन जी पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैनिक भाइयों को रक्षा सूत्र बांधना मातृशक्ति की ओर से सेना के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की आत्मीय अभिव्यक्ति है। देश की मातृशक्ति सदैव भारतीय सेना के वीर जवानों के साथ खड़ी है। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शशि बाला केष्टवाल ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। सैनिकों के साथ यह पर्व मनाकर महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने देश की सुरक्षा के लिए समर्पित जवानों के प्रति सम्मान और अपनत्व व्यक्त किया। उन्होंने जवानों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला महामंत्री यशोदा नेगी, जिला उपाध्यक्ष सुधा नेगी, जिला मंत्री आराधना द्विवेदी, उर्मिला कंडारी, संतोष रावत, आशा ध्यानी, बबीता ग्वाड़ी, निशा जुयाल, हिमानी बलूनी, सुनीता कैंथोला और ज्योति जखमोला सहित महिला मोर्चा की अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।