देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन और प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच को लेकर दून पुलिस ने अभियान चलाया। थाना क्लेमेंट टाउन क्षेत्र में पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने पीजी, हॉस्टल और होटलों में चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में निवासरत 178 बाहरी व्यक्तियों/किरायेदारों का सत्यापन किया। साथ ही पीजी, हॉस्टल और होटल संचालकों द्वारा अग्नि सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों का भी निरीक्षण किया गया।
12 प्रतिष्ठान संचालकों पर 1.20 लाख रुपये का जुर्माना
चेकिंग के दौरान किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने एवं अनियमितता पाए जाने पर 12 प्रतिष्ठान स्वामियों के विरुद्ध पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार इन मामलों में कुल 1,20,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने प्रतिष्ठानों के संचालकों, प्रबंधकों और कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्हें फायर उपकरणों के सही उपयोग और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि पीजी, हॉस्टल, होटल एवं अन्य प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का समय से सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। दून पुलिस ने प्रतिष्ठान संचालकों से सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने की अपील की है।