गुलाबी कांठा में पर्यटकों की बहार

Spread the love

बड़कोट। यमुनाघाटी के गुलाबी कांठा ट्रैक पर बढ़ती पर्यटकों और ट्रैकर्स की आवाजाही ने क्षेत्र में पर्यटन कारोबार और रोजगार की नई उम्मीद जगाई है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंच रहे पर्यटक यहां के बुग्यालों, बर्फीली चोटियों और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ ट्रैकिंग का रोमांच भी उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ट्रैक पर बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएं तो गुलाबी कांठा साहसिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सकता है। यमुनाघाटी की ऊंची पहाड़ियों में स्थित गुलाबी कांठा अपने विस्तृत बुग्यालों और हिमालय के विहंगम दृश्यों के लिए प्रसिद्ध है। सर्दियों में बर्फ से ढके बुग्याल इसकी खूबसूरती बढ़ा देते हैं। यहां स्नो स्केटिंग समेत अन्य साहसिक गतिविधियों की भी संभावनाएं हैं। बीते दिनों निसणी गांव निवासी अमित चौहान के नेतृत्व में ट्रैकर्स का दल गुलाबी कांठा पहुंचा। दल ने बुग्यालों और हिमालयी वातावरण का आनंद लिया। लगातार बढ़ रही ट्रैकर्स की आवाजाही से स्थानीय स्तर पर गाइड, पोर्टर, होमस्टे और घोड़ा-खच्चर संचालन जैसी गतिविधियों में रोजगार की संभावनाएं बन रही हैं। नौगांव ब्लॉक प्रमुख सरोज पंवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य अमिता पंवार और डॉ. नरेश पंवार ने कहा कि गुलाबी कांठा को व्यवस्थित तरीके से विकसित करने की जरूरत है। इस संबंध में पर्यटन मंत्री और सचिव के समक्ष क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग रखी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैक पर जरूरी सुविधाएं, सुरक्षित मार्ग और पर्यटक सेवाएं विकसित होने से गुलाबी कांठा की पहचान बढ़ेगी और इसका सीधा लाभ स्थानीय युवाओं व ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *