20 दिन बाद भी अर्णव का सुराग नहीं: पिता ने गोल्ज्यू के दरबार में लगाई न्याय की गुहार

नैनीताल । शहर के चीना पीक की ट्रेकिंग के दौरान लापता हुए बीटेक छात्र अर्णव सिंह की तलाश 20वें दिन भी जारी है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। बेटे की तलाश में बिहार से नैनीताल पहुंचे पिता पंकज कुमार पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं हैं। लगातार कोतवाली के चक्कर काटने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से परिजनों की निराशा और बेचैनी बढ़ती जा रही है। इस बीच पिता ने कैंची धाम स्थित बाबा नीब करौरी के दरबार और घोड़ाखाल गोल्ज्यू मंदिर पहुंचकर बेटे की सकुशल वापसी और न्याय की गुहार लगाई। पंकज कुमार का कहना है कि अर्णव को लापता हुए 20 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। हर दिन उम्मीद लेकर पुलिस के पास पहुंचते हैं, मगर निराश होकर लौटना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस जांच को लेकर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दे रही है। बेटे की चिंता में अब उनका दिल बैठा जा रहा है और परिवार लगातार मानसिक पीड़ा से गुजर रहा है।
पिता पहले भी पुलिस की जांच की दिशा और कार्रवाई पर सवाल उठा चुके हैं। उनका कहना है कि मामले को गंभीर चुनौती मानकर शुरुआत से ही प्रभावी खोजबीन और गहन जांच की जानी चाहिए थी। 20 दिन बीतने के बाद भी अर्णव का पता नहीं चलना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर परिजनों की चिंता बढ़ा रहा है। उन्होंने मामले में गंभीरता से जांच कर जल्द बेटे का पता लगाने की मांग की है। लगातार इंतजार और निराशा के बीच पंकज कुमार अब कैंची धाम और घोड़ाखाल गोल्ज्यू मंदिर पहुंचे। उन्होंने बाबा नीब करौरी और गोल्ज्यू देवता के दरबार में अर्णव की सकुशल वापसी और न्याय के लिए अरदास की। भावुक पिता ने कहा कि अब बेटे की तलाश और न्याय की उम्मीद भगवान के भरोसे छोड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *