शौर्य महोत्सव में जीवंत हुई पहाड़ की लोकसंस्कृति

नारायणबगड़। विक्टोरिया क्रॉस विजेता वीर शिरोमणि वीसी दरवानसिंह नेगी की स्मृति में खैतौलीखाल में आयोजित छठे राजकीय शौर्य महोत्सव का बुधवार को समापन हो गया। इस अवसर पर सैनिकों की बैंड धुनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण ने समारोह को यादगार बना दिया।
मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता बलवीर सिंह नेगी ने अतिथियों के साथ वीर शिरोमणि वीसी दरवानसिंह नेगी को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि उनकी वीरगाथा आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा की प्रेरणा देती रहेगी। समारोह का मुख्य आकर्षण सैनिकों की बैंड प्रस्तुति रही। मधुर व जोशीली धुनों ने पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया और उपस्थित जनसमूह में नया जोश भर दिया। वहीं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने लोकसंस्कृति व देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम पेश किए। चोपता, रैंस, कफरतीर, चिरखुन, तुनेडा, जाखपाटियो, बेथरा और लोदला समेत अन्य महिला मंगल दलों ने पारंपरिक लोकगीतों व लोकनृत्यों से पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया। महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पुस्तक विमोचन, विभागीय प्रदर्शनियों और स्वास्थ्य शिविर के जरिये क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक व सामाजिक विरासत को मंच मिला। इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख देवेंद्र सिंह रावत, कनिष्ठ प्रमुख भूपेंद्र सिंह मेहरा, भूपेंद्र सिंह नेगी, रिपुदमन सिंह रावत, लक्ष्मण सिंह रावत, पुरुषोत्तम शास्त्री व संदीप आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *