जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सौजन्य से राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जखोली में आयोजित नि:शुल्क मोतियाबिंद शिविर में 20 लोगों के नेत्रों की जांच की गई। अगला नि:शुल्क मोतियाबिंद शिविर 05 अगस्त को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनसूना में होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल के निर्देशन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में आयोजित मोतियाबिंद शिविर में विवेकानंद नेत्रालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम, किशनपुर देहरादून की स्वास्थ्य टीम द्वारा 20 लोगों के नेत्रों की जांच की, जिसमें से 05 ग्रामीणों के नेत्र मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए तथा 14 लोगों को दवा वितरित की गई। मोतियाबिंद से ग्रसित लोगों का देहरादून स्थिति विवेकानंद नेत्रालय में नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाएगा। उन्हें विवेकानंद नेत्रालय रामकृष्ण मिशन आश्रम की टीम द्वारा देहरादून ले जाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल बताया कि राष्ट्रीय दृष्टिविहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में विभिन्न स्थानों पर अगस्त माह में 06 और शिविरों का आयोजन प्रस्तावित है, जिसके तहत अगला नि:शुल्क मोतियाबिंद 05 अगस्त को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनसूना में प्रस्तावित किया गया है। उन्होंने जनमानस से इन नि:शुल्क शिविरों का लाभ प्राप्त करने की अपील करते हुए बताया कि उक्त शिविरों से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अपने क्षेत्र की आशा फेसिलिटेटर व आशा कार्यकत्री से संपर्क कर सकते हैं। मोतियाबिंद शिविर में सेवा प्रदान करने वालों में विवेकानंद नेत्रालय, रामकृष्ण मिशन आश्रम, किशनपुर देहरादून के नेत्र विशेषज्ञ डॉ. नितिन रावत, दृष्टिमितिज्ञ सौरभ बर्तवाल, सहायक पीयूष व अनिल कुमार शामिल थे।