मेहनत का मिला मान: पौड़ी के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

Spread the love

मेधावी विद्यार्थियों और अभिभावकों का कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ अभिनंदन
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : उत्तराखंड परिषदीय परीक्षा वर्ष 2026 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की श्रेष्ठता सूची में स्थान प्राप्त करने वाले जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में कलेक्ट्रेट सभागार में एक गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में जनपद पौड़ी गढ़वाल के कुल 21 विद्यार्थियों (हाईस्कूल के 14 एवं इंटरमीडिएट के 7 छात्र-छात्राओं) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान न केवल प्रतिभाशाली छात्रों का उत्साहवर्धन करता है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है। उन्होंने कहा कि कड़ी प्रतिस्पर्धा के इस दौर में आगे आना अत्यंत सराहनीय उपलब्धि है। जिलाधिकारी ने छात्रों को निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि “अपना सर्वश्रेष्ठ देते रहें, आपकी सफलता ही आपकी पहचान बनेगी और वही दूसरों के लिए प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त करेगी।” जिलाधिकारी ने अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चों के करियर निर्माण में परिवार का सहयोग और मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रयास निरंतर किया जाए तो सीमित संसाधनों के बावजूद भी उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने अपने सपनों, संघर्षों और भविष्य की आकांक्षाओं को सहज और भावपूर्ण ढंग से साझा किया, जिससे पूरा सभागार गर्व और प्रेरणा से भर उठा। यह क्षण विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और पूरे जनपद के लिए एक गौरवान्वित करने वाला पल बन गया। कई छात्रों ने सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद लक्ष्य के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित किया, जिसमें उनके आत्मविश्वास और मेहनत की स्पष्ट झलक दिखायी दी। इस प्रेरक वातावरण में जिलाधिकारी ने उनका मार्गदर्शन करते हुए उनके उत्साह को नयी ऊर्जा प्रदान की। इस अवसर पर समग्र शिक्षा समन्वयक रीना रावत, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी विद्या शरण, प्रधानाचार्य मनोज कुमार गुनियाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सीताराम पोखरियाल, राजकीय शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष भवान सिंह नेगी, पर्वतीय शिक्षक कर्मचारी संगठन के जिला अध्यक्ष संजय नेगी, समाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व पीटीए अध्यक्ष जगमोहन डांगी सहित पीएमश्री जीजीआईसी पौड़ी की छात्राएं, अभिभावक, शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जयदीप रावत द्वारा किया गया।

निरंतर मूल्यांकन की पहल लायी रंग, बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन
मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना ने कहा कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया, जिससे बेहतर परिणाम संभव हो सके। उन्होंने कहा कि बच्चों की मेहनत, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और अभिभावकों के सहयोग से ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने सभी मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में जनपद का नाम रोशन करेंगे। साथ ही उन्होंने बताया कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में उच्च श्रेणी में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उल्लेखनीय है कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए जिलाधिकारी के निर्देशन में बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के तहत विद्यार्थियों का समय-समय पर मूल्यांकन किया गया। इस क्रम में नियमित मासिक परीक्षाएं आयोजित कर छात्रों की कमजोरियों को चिन्हित करने और उन्हें सुधारने का प्रयास किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले।

छात्र-छात्राओं ने साझा किए अनुभव
जनता इंटर कॉलेज पोखरीखेत की छात्रा महक ने कहा कि सफलता के लिए आत्मविश्वास और धैर्य आवश्यक है। जेपी इंटर कॉलेज कोटद्वार के छात्र सार्थक बुड़ाकोटी ने कहा कि नियमित अध्ययन और समर्पण ही सफलता की कुंजी है। सतपुली के छात्र आयुष ने बोर्ड परीक्षा को चुनौती के रूप में स्वीकार करने और बिना भय के आगे बढ़ने की बात कही। वहीं पीएमश्री जीजीआईसी पौड़ी की छात्रा निहारिका ने कहा कि टॉप करने वाले विद्यार्थियों से प्रेरणा लेकर अन्य छात्र-छात्राएं भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *