श्रीनगर गढ़वाल : अलकनंदा रोटरी क्लब उत्तराखंड की ओर से आयोजित स्व. आयुष नेगी मेमोरियल जूनियर वर्ग एवं स्व. नंददीप मल्ल मेमोरियल सीनियर वर्ग स्कूली फुटबॉल प्रतियोगिता में मंगलवार को फाइनल मुकाबले हुए। जूनियर वर्ग में सैंजो स्कूल किलकिलेश्वर और सीनियर वर्ग में रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास ने चैंपियनशिप जीती।
जूनियर वर्ग का फाइनल सेमफोर्ड पब्लिक स्कूल बेलकंडी और सैंजो स्कूल किलकिलेश्वर के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक कोई गोल नहीं हुआ। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में सैंजो स्कूल ने 3-2 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। जूनियर वर्ग में सैंजो स्कूल के रक्षित को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (गोल्डन बूट), सेंट थेरेसास के समरजीत को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और सरस्वती विद्या मंदिर श्रीकोट के अरुण थपलियाल को उभरते खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। सीनियर वर्ग के फाइनल में रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास ने सेंट थेरेसास कान्वेंट स्कूल को 3-0 से हराया। सेंट थेरेसास के काशी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (गोल्डन बूट), रेनबो के अमन चौहान को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और जीजीआरआर पब्लिक स्कूल के सौरभ को उभरते खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि चौरास परिसर के निदेशक प्रो. आरएस नेगी रहे। विशिष्ट अतिथि आरवीएनएल के एजीएम विजय डंगवाल और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी ओपी मालगुड़ी मौजूद रहे। संचालन नवल किशोर जोशी और सीपी जुगरान ने किया। इस मौके पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष सुनील बिज्लवान, सचिव नवल किशोर जोशी, खेल संयोजक कृपाल सिंह पटवाल मौजूद रहे। (एजेेंसी)