खाई में गिरी कार, दो घायल

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर तोताघाटी के समीप एक कार अनियंत्रित होकर लगभग पांच सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में दो दोस्त कार सवार दिल्ली निवासी एक युवक और गुरुग्राम की रहने वाली महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को खाई से निकाला और ऋषिकेश भेजा। दोनों केदारनाथ दर्शन कर लौट रहे थे।
कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि मंगलवार सुबह सवा छह बजे सूचना मिली कि सफेद पहाड़ बैंड के पास एक कार खाई में गिरकर गंगा नदी गिरी है। सूचना मिलते ही वह स्वयं, पुलिस चौकी बछेलीखाल की टीम और आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। कार के पास अनीस (22) निवासी सिंघु विलेज, अलीपुर, दिल्ली घायल अवस्था में मिला। युवक ने बताया कि वह सुहानी (20) निवासी सेक्टर 51 गुरुग्राम, हरियाणा के साथ केदारनाथ दर्शन कर दिल्ली लौट रहे थे। सोमवार रात बारह बजे वह सोनप्रयाग से चले थे लेकिन मंगलवार सुबह तोताघाटी के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। युवक कार से छिटककर जंगल में ही गिर गया था, जबकि युवती कार में फंस गई और खाई में जा गिरी। एसडीआरएफ टीम के इंचार्ज साहब सिंह ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ ने तलाशी अभियान चलाकर युवती को खोज निकाला। युवती को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश और फिर एम्स ऋषिकेश भेजा गया है। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया गया है। (एजेेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *