जनता मिलन में 24 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर हुआ समाधान

Spread the love

सीएम हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनता मिलन में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पर्यटन, वन विभाग, पेयजल, सड़क संपर्क, पुल निर्माण एवं अन्य जन सुविधाओं से संबंधित कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
दशोली निवासी सुलोचना देवी ने मृतक आश्रित कोटे में स्वयं सेवक पद पर नियुक्ति संबंधी प्रकरण उठाया, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। जोशीमठ निवासी कुंवर सिंह द्वारा भवन निर्माण मानचित्र स्वीकृति की अवधि बढ़ाने संबंधी शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी ने प्राधिकरण के अधिकारियों को नियमानुसार समयावधि विस्तार पर कार्रवाई करने को कहा। देवर निवासी कुशल सिंह पंवार द्वारा वृक्ष पातन से संबंधित शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर वन विभाग को जांच प्रारंभ कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए वृक्ष पातन के निर्देश दिए गए। बांसवाड़ा निवासी अषाढ़ी देवी की सोलर लाइट संबंधी शिकायत पर उरेडा विभाग को आवश्यक कार्यवाही करते हुए सोलर लाइट स्थापित करने को कहा। बंशी लाल पुत्र स्व. छवि लाल की पेंशन संबंधी शिकायत पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को स्पर्श पोर्टल पर सभी प्रक्रियाएं पूर्ण कर एक सप्ताह के भीतर पेंशन संचालित करने को कहा। मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1905 के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, यूपीसीएल, जल संस्थान, जल निगम, श्रम, आबकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *