25 को बंद रहेगा कोटद्वार बाजार, धरना जारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रेलवे स्टेशन के बाहर दशकों से संचालित 60 से अधिक दुकानों को हटाने के नोटिस के विरोध में व्यापारियों का आंदोलन तेज हो गया है। शनिवार को कारोबारी परिवारों की महिलाएं भी धरने में शामिल हुईं। नगर उद्योग व्यापार मंडल ने प्रशासन से सोमवार तक दुकानों को हटाने का निर्णय वापस लेने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर मंगलवार को कोटद्वार का बाजार बंद रखने की चेतावनी दी गई है।


लोनिवि की ओर से रेलवे स्टेशन के बाहर बनी खोखानुमा दुकानों से जुड़े कारोबारियों को 18 अगस्त के बाद दुकानें हटाने का नोटिस जारी किया गया था। इसके विरोध में नगर उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले कारोबारी 19 अगस्त से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को आंदोलन में बड़ी संख्या में कारोबारी परिवारों की महिलाएं भी शामिल हुईं। इनमें कोमल, प्राची, वंदना, प्रिया, रोशनी, करुणा, सोनम, मधु, अनु, मीना, रेखा, दीपा, अनीता, शकुंतला, मायावती, प्रेमा, पूनम, कंचन, मेघा और शैली सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं। व्यापार मंडल के महामंत्री नवीन गोयल विक्की ने कहा कि प्रशासन ने यदि सोमवार तक दुकानों को हटाने का फैसला वापस नहीं लिया तो मंगलवार को कोटद्वार का बाजार बंद कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रवीण भाटिया ने कहा कि व्यापारियों की लड़ाई किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जिन दुकानों से कारोबारी परिवार दशकों से अपनी आजीविका चला रहे हैं, उन्हें हटाने से कई परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। धरने में सुनील गोयल, अज्जू भाटिया, आनंद सिंघानिया, वीरेंद्र वर्मा, दिनेश कुमार, भूपेश ढौंडियाल, प्रदीप ढौंडियाल, दीवान सिंह नेगी और विनोद नेगी सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने प्रशासन से मामले में समाधान निकालने और कार्रवाई पर पुनर्विचार करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *