देवग्राम के 27 परिवारों का होगा सुरक्षित पुनर्वास, 1.21 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसील ज्योतिर्मठ अंतर्गत देवग्राम के 27 परिवारों के विस्थापन से संबंधित प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति ने विस्थापन प्रस्ताव को संस्तुति के लिए शासन को भेजने पर सहमति व्यक्त की। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विस्थापन प्रस्ताव से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख एवं औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए प्रस्ताव को शीघ्र शासन को प्रेषित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित पुनर्वास के लिए सभी आवश्यक कार्यवाही प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।


जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने समिति को अवगत कराया कि देवग्राम के 27 परिवारों के विस्थापन के लिए कुल 1 करोड़ 21 लाख 25 हजार रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्ताव में विस्थापित परिवारों के लिए भवन निर्माण, पशुओं के लिए गौशाला निर्माण, विस्थापन भत्ता तथा पुनर्वासित होने वाले ग्रामीण काश्तकारों को पुनर्वास स्थल पर अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू करने हेतु सहायता सहित अन्य आवश्यक मदों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि देवग्राम के संबंध में इससे पूर्व दो बार भू-वैज्ञानिक जांच कराई जा चुकी है। इसके साथ ही तहसील स्तर पर कार्य योजना तैयार करने सहित विस्थापन से संबंधित अन्य आवश्यक औपचारिकताएं भी पूर्ण कर ली गई हैं। बैठक में उपजिलाधिकारी ज्योतिर्मठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *