कर्मचारियों ने जताई खुशी, कुलपति का जताया आभार
जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विवि में 35 कर्मचारियों को प्रथम चरण में स्थायी नियुक्ति प्रदान कि गई। बुधवार को गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने ग्रुप सी और वाहन चालक सहित 35 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र मिलने पर कर्मचारियों के चेहरों में खुशी देखने को मिली है। इस दौरान गढ़वाल विवि के कुलपति ने सभी नियुक्त कर्मचारियों के प्रति खुशी जाहिर करते हुए इसे संघर्ष की जीत बताई। वहीं कर्मचारियों ने भी गढ़वाल विवि के कुलपति का आभार व्यक्त किया।
बताते चले कि गढ़वाल विवि में 147 दैनिक, नियत वेतन भोगी कर्मचारियों को स्थायी रूप से नियुक्ति मिली है। लम्बे समय से हाईकोर्ट में विचाराधीन चल रहे मामले में गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश की अध्यक्षता में 9 मई को हुई कार्यपरिषद (ईसी) की बैठक में 147 कर्मचारियों को स्थायी रूप से नियुक्त किए जाने के फैसले पर मुहर लगा दी थी। नियुक्ति वितरण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि यह गढ़वाल विवि के तमाम उन कर्मचारियों एवं अधिकारियों के संघर्ष की जीत है, जिन्होंने दिन-रात मेहनत करते हुए आज कर्मचारियों को नियमिति के लिए कार्य किया है। कहा कि कर्मचारियों को जो नियुक्ति मिली है इसके पीछे कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का बड़ा योगदान रहा है। कहा कि नियुक्त कर्मचारी गढ़वाल विवि के तहत दिए कार्यों को पूरी ईमानदारी और कर्तव्यानिष्ठा से पूरा करने का प्रयास करेंगें। उन्होंने गढ़वाल विवि के कुलसचिव, वित्त अधिकारी सहित अधिकारियों अन्य पदों पर जल्द नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने की बात कहीं। साथ ही नियुक्त कर्मचारियों के लिए कर्मयोगी प्रशिक्षण दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने विवि के कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी से जल्द शिक्षक संवर्ग के रोस्टर के कार्यों को जल्द सम्पन्न कर विवि के वेबसाइट पर अपलोड़ करने को कहा। इस मौके पर गढ़वाल विवि के कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी, वित्त अधिकारी डॉ. अजय कुमार मोहंती, डीन पदोन्नति एवं रिक्रूटमेंट प्रो. एमएस पंवार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. गौतम वीर, राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एमएम सेमवाल, एसआरटी परिसर निदेशक प्रो. एए बौडाई, मुख्य नियंता प्रो. दीपक कुमार, डीएसडब्ल्यू प्रो. ओपी गुसांई, प्रो. एचबीएस चौहान, सहायक कुलसचिव डॉ. विजयपाल भंडारी, ख्याति वर्धन जोशी, सूर्य प्रकाश बादल, कुलदीप कुमार, चौरास परिसर निदेशक प्रो. आरएस नेगी, हैप्रेक निदेशक डॉ. वीके पुरोहित, जन संपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा, शिक्षणेत्तर कर्मचारी अध्यक्ष देवेंद्र फस्र्वाण, महासचिव रविंद्र सिलवाल सहित आदि मौजूद थे।
2009 में हाईकोर्ट में दायर की थी अर्जी
गौरतलब है कि गढ़वाल विवि में 147 कर्मचारी दो दशक के अधिक समय से अस्थायी तौर पर अपनी सेवाएं दे रहें थे। 147 कर्मचारियों ने रिक्त पदों पर नियुक्ति दिए जाने को लेकर 2009 में नैनीताल हाईकोर्ट में अर्जी दायर की थी। जिसके बाद 13 दिसम्बर 2025 में हाईकोर्ट ने गढ़वाल विवि को 147 कर्मचारियां को स्थायी रूप से नियुक्त किए जाने के आदेश जारी किए थे। मामले में गढ़वाल विवि प्रशासन ने इस पर कमेटी गठित कि गई थी। आखिरकार लम्बे संघर्ष के बाद गढ़वाल विवि के कुलपति ने 35 नियुक्ति पर प्रदान किए।
मंत्री ने कर्मचारियों को दी बधाई
नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह मंच से संबोधित कर रहें थे कि इस प्रक्रिया में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का बड़ा योगदान रहा। इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का फोन कुलपति को आया। इस मौके पर कुलपति द्वारा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम की सूचना दी गई और मंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया। फोन के माध्यम से मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गढ़वाल विवि के स्थायी होने वाले कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की।