विकासनगर। जनजातीय क्षेत्र त्यूणी के चकराता विधायक प्रीतम सिंह के गांव बास्तील में इन दिनों गंभीर पेयजल संकट बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि गांव के करीब 645 परिवारों को रोजाना पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है, जिनका अधिकांश समय पानी की व्यवस्था करने में ही बीत रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के लिए बान्दरी गाड़ से पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की गई है, लेकिन इसके बावजूद पूरे गांव में नियमित रूप से पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इसका प्रमुख कारण स्रोत में पानी की कमी के साथ ही योजना में गंभीर खामियां हैं। ग्रामीणों ने जल संस्थान से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
ग्रामीण धीरज सिंह राणा, अनुप राणा, किशन सिंह, दौलत सिंह, सामचनद, रणबीर राणा, भाव सिंह, जोबन सिंह, साहिब सिंह, मलखान सिंह, हरीशचंद्र, दीवान सिंह, पैमान सिंह और जगत सिंह समेत अन्य लोगों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद गांव में पेयजल संकट बना हुआ है। उनका कहना है कि विभाग ने सुबह और शाम दो-दो घंटे जलापूर्ति का समय निर्धारित किया है, लेकिन उस दौरान भी गांव के कई हिस्सों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता।
ग्राम प्रधान रेखा राणा ने बताया कि गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की समस्या को लेकर जल संस्थान को पत्र भेजा गया है। उन्होंने विभाग से जल्द स्थायी समाधान निकालकर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पेयजल संकट का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।