देश-विदेश

पंजाब के पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु लुधियाना से गिरफ्तार, सैलून में कटवा रहे थे बाल, कांग्रेस ने शुरू किया प्रदर्शन

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

लुधियाना/चंडीगढ़, एजेंसी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री भारत भूषण आशु को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया है। जब आशु को गिरफ्तार किया गया उस समय वह अपने घर के पास ही एक सैलून में बाल कटवा रहे थे। इसी दौरान विजिलेंस की टीम पहुंच गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि काफी देर तक विजिलेंस टीम के साथ उनकी बहसबाजी होती रही। सूचना पाकर सांसद रवनीत बिट्टू भी मौके पर पहुंचे। बिट्टू फेसबुक पर विजिलेंस की कार्रवाई को लाइव दिखाते हुए आप सरकार को कोसने लगे। उसके बाद विजिलेंस टीम ने उन्हेंं अपने वाहन में बैठाया और सीधे विजिलेंस कार्यालय लेकर पहुंचे।
आशु की गिरफ्तारी के बाद पंजाब में राजनीति गरमा गई है। लुधियाना के विजिलेंस रेंज कार्यालय के बाहर कांग्रेसियों ने नारेबाजी शुरू कर दी है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग सहित अन्य बड़े नेता भी लुधियाना पहुंच रहे हैं।
इससे पहले आज पंजाब कांग्रेस नेताओं ने मोहाली विजिलेंस कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। आशु ने विजिलेंस को गिरफ्तारी की चुनौती दी, लेकिन उन्हें मोहाली में गिरफ्तार नहीं किया गया। लुधियाना पहुंचते ही आशु को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मोहाली में आशु ने कहा कि अगर उन्हें गिरफ्तार करना है तो कर लिया जाए। उनका किसी घोटाले से कोई लेना देना नहीं है और उन्हें बेवजह फंसाया जा रहा है। ध्यान रहे कि आशु टेंडरों में हुए घोटाले के आरोप में विजिलेंस के राडार पर थे। विजिलेंस इस मामले में आशु की भूमिका बता रही है। पिछले कई दिनों से आशु को गिरफ्तार किए जाने की बात भी सामने आ रही थी।
दोपहर में मोहाली विजिलेंस मुख्यालय के बाहर पहुंचे आशु ने कहा कि विजिलेंस ब्यूरो को जब उनकी जरूरत हो मैसेज भेज दें आ जाऊंगा। विजिलेंस मुख्यालय के बाहर कांग्रेस के पूर्व मंत्री, पूर्व और मौजूदा विधायक और कांग्रेसी नेता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के नेतृत्व में विजिलेंस को चुनौती देने के लिए पहुंचे थे।
वडिंग ने कहा कि उनका मकसद विजिलेंस अधिकारियों के काम में दखलअंदाजी करना या फिर नारेबाजी करना नहीं है। आशु ने कहा कि कांग्रेस का कोई नेता भाग नहीं रहा है। पिछले पांच माह में आप की ओर से कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, लेकिन कुछ नहीं मिला है।
आशु ने कहा कि कांग्रेस का हर वर्कर जुझारू है। स्वतंत्रता में कांग्रेस के वर्करों की कुर्बानी है। आजादी के बाद भी कांग्रेस लोगों की लड़ाई लड़ रही है। हम डरने वाले नहीं है। जब जरूरत हो बुला लिया जाए हाजिर हो जाएंगे।प्रदेश अध्यक्ष वडिंग ने कहा कि कांग्रेस का हर नेता हाजिर है। जिसको भी विजिलेंस की ओर से गिरफ्तार किया जाना है कर ले।
उन्होंने कहा कि रोज- रोज किसी न किसी का नाम लेकर उस पर कार्रवाई करने की धमकी देकर परेशान न करो। वडिंग ने कहा कि रोज विजिलेंस का नाम लेकर सरकार कांग्रेस को डराने की कोशिश कर रही है। घर में सोए कांग्रेसियों को पकड़ा जा रहा है। खुद डायरी तैयार करवा कर, कहा जा रहा है कि हमने पकड़ी है। एजेंसियां कांग्रेसी नेताओं को परेशान कर रही हैं। कांग्रेस के नेता कोई चोर नहीं है , समन जारी करो और बुला लो।
वडिंग ने कहा कि अगर कोई आप का नेता पकड़ा जाता है तो कहा जाता है कि वह कट्टर ईमानदार है। अपना ही मंत्री पकड़ने की नौटंकी की जा रही है, लेकिन मामले में मिला क्या। एडवोकेट जनरल ने खुद कहा कि आप के नेता व पूर्व मंत्री विजय सिंगला से कुछ नहीं मिला।
वडिंग ने सवाल उठाए कि अगर सिंगला भ्रष्ट है तो आप की बैठकों में क्या कर रहे है।विजिलेंस के रडार पर कांग्रेस के कई नेताध्यान रहे कि विजिलेंस के रडार पर कांग्रेस के कई नेता है। आशु के खिलाफ भी केस दर्ज हो चुका है। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा गैंगस्टर मुख्तार अंसारी को वीआईपी ट्रीटमेंट देने में घिरे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!