जयन्त प्रतिनिधि।
थलीसैंण : मंगलवार को संविधान दिवस पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, थलीसैंण में प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने राष्ट्र की एकता व अखंडता बनाए रखने की शपथ ली। इस मौके पर संविधान और हमारे जीवन में इसका प्रभाव विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा शोभा ममगांई, सुमन, बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा संगीता ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम अधिकारी राष्ट्रीय सेवा योजना डॉ. विवेक रावत ने संविधान पर प्रकाश डाला। इसके बाद भारत के संविधान की प्रस्तावना/उद्देशिका को स्मरण कराते हुए राष्ट्र की एकता व अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। प्रभारी प्राचार्य डॉ. बिपेन्द्र सिंह रावत ने संविधान दिवस के महत्व के बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि संविधान हमारे भविष्य का दर्पण है। बीते 75 वर्षों में हमने अपने संविधान के आदर्शों की ओर मजबूती से कदम बढ़ाया है, संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित सामाजिक एवं आर्थिक न्याय के माध्यम से ही भूमिहीन लोगों को जमींदारी प्रथा से मुक्त करवाकर उन्हें जमीने बांटी गयी। इस मौके पर डॉ. हरिओम रावत डॉ. अजय कुमार आदि मौजूद रहे।