नगर निगम के खिलाफ भड़के व्यापारी
ट्रेड लाइसेंस के नाम पर नोटिस दिए जाने का किया विरोध
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: नगर निगम की ओर से व्यापारियों को ट्रेड लाइसेंस बनाने के नाम पर दिए जा रहे नोटिस पर व्यापार मंडल के सदस्यों ने रोष व्यक्त किया है। इस संबध में सदस्यों ने महापौर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है।
गुरूवार को नगर उद्योग व्यापार मंडल के सदस्य अध्यक्ष महेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय पहुंचे और वहां जाकर उन्होंने नोटिस दिए जाने पर रोष व्यक्त करते हुए नगर निगम महापौर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों से नगर निगम की ओर से कई व्यापारियों को ट्रेड लाइसेंस बनाने के नाम पर नोटिस दिए जा रहे हैं। पूर्व में भी व्यापारियों ने इस संबध में बाजार बंद कर अपना विरोध दर्ज करवाया था। इसके बाद नगर आयुक्त द्वारा व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल को नोटिस जारी नहीं करने का आश्वासन दिया था। उनके आश्वासन को दिए हुए एक महीना भी नहीं बीता है कि अब नगर आयुक्त द्वारा नोटिस जारी किए हुए व्यापारियों की आर सी काटकर उनको अर्थदंड भुगतने का तुगलकी फरमान जारी कर दिया गया है, जो व्यापारियों के साथ अन्याय है, जिसका व्यापार मंडल विरोध करता है। कहा कि पहले से ही मंदी झेल रहा व्यापारी अब और टैक्स देने की स्थिति में नहीं है।