जैविक सब्जी व मसालों की खेती से आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं
पिथौरागढ़। सांस्कृतिक एवं सामाजिक विकास मंच की ओर से गंगोसेरी में तीन दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इसमें महिलाओं को जैविक सब्जी और मसालों की खेती की बारीकियां सिखाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मूनाकोट विकासखंड के गंगोसेरी में प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान विमला देवी ने किया। इस दौरान उन्होंने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने को कहा। कहा इस प्रकार के प्रशिक्षणों से महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर होंगी। परियोजना समन्वयक नवीन पांडे ने बताया कि योजना ओएनजीसी देहरादून की ओर से संचालित की जा रही है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। ओएनजीसी के जय पांडे और गुरविंदर सिंह ने कहा प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने सभी महिलाओं से प्रशिक्षण का लाभ उठाने को कहा है। सुधि संस्था की रेनू सामंत, अनीता शर्मा ने सभी 80 प्रतिभागियों को कोरोना से बचाव के लिए मास्क और सेनेटाइजर बांटे। यहां काश्तकार नंद किशोर पांडे, पुष्पा कापड़ी, ज्योति कापड़ी, कमला कापड़ी, देवकी देवी, गीता पांडे, राधा देवी, अशोक कापड़ी, गणेश राम, किशोर कुमार मौजूद रहे।