भू-स्खलन के निरीक्षण को पहुंची एनएच टीम का ग्रामीणों ने किया विरोध

नई टिहरी : तुणगी और रामपुर सामपुर ग्राम पंचायत में लगातार हो रहे भूस्खलन के निरीक्षण को सोमवार को पहुंची एनएच लोनिवि टीम का ग्रामीणों ने विरोध किया। टीम को ग्रामीणों और जन प्रतिनिधियों का भारी रोष झेलना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग तीन साल से यहां ट्रीटमेंट करने के बजाय सिर्फ निरीक्षण कर खानापूर्ति कर रहा है।
मानसूनी मौसम को देखते हुए सोमवार को एनएच लोनिवि की टीम संवेदनशील दोनों गांवों का निरीक्षण करने पहुंची थी। टीम में शामिल नोडल अधिकारी एई पुष्पेंद्र कुमार और एई ललित मोहन बेंजवाल, जेई अभिषेक रावत द्वारा राजमार्ग से सटे तुणगी भटकोट मार्ग की शुरुआत में चट्टानी मलबे के साथ धंस रही पहाड़ी व घरों में पड़ रही दरारों, बस स्टेशन के समीप भूस्खलन की जद में बने डडाणा, घटल गांव, भागीरथी मोटर पुल तक लगातार धंसती भूमि व सड़क, शांता नदी आपदा में बही पुलिया, रास्तों आदि का निरीक्षण किया गया। ग्राम प्रधान अरविंद जियाल, ग्राप्र बबली भट्ट, वार्ड सदस्य रजनी जोशी, रजनी कैतुरा, रजनी भट्ट, ममता पंचपुरी सहित प्रभावित विजय भट्ट, नेत्र सिंह, सरोजनी देवी, रामप्रसाद भट्ट आदि ने टीम का विरोध किया। आरोप है कि तीन वर्षों से हो रहे भू-स्खलन से बढ़ते जान माल के खतरे पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। लोगों ने भू-स्खलन से राजमार्ग पर बड़ा हादसा होने, बस स्टेशन व शांति बाजार क्षेत्र में काफी नुक्सान होने की आशंका जताई। प्रभावित विजय भट्ट ने अपने घर को बचाने को राजमार्ग से किये गए पुश्ता निर्माण का भुगतान विभाग द्वारा नहीं किए जाने की शिकायत की। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते टीम ने यहां जल्द ही ट्रीटमेंट शुरू किए जाने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर उप राजस्व निरीक्षक दिनेश बिजल्वाण, ब्लॉक जेई मुकेश भट्ट, ग्राम विकास अधिकारी अजयवीर असवाल आदि भी मौजूद रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *