बिना बारिश के ही गिर रहे बोल्डर

चिन्यालीसौड़। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगुण पुल के समीप सक्रिय स्लाइड जोन यात्रियों और वाहन चालकों के लिए लगातार मुसीबत बना हुआ है। यहां पहाड़ी से आए दिन भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा गिरने से सड़क बाधित हो रही है। स्थिति यह है कि बिना बारिश के भी पहाड़ से पत्थर गिर रहे हैं और वाहनों की आवाजाही के दौरान हादसे का खतरा बना हुआ है।
नगुण के पास पिछले करीब एक दशक से भूस्खलन की समस्या बनी हुई है। पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण कई बार हाईवे घंटों बंद रहता है। सीमा सड़क संगठन की ओर से हर बार मलबा हटाकर यातायात बहाल किया जाता है लेकिन स्थायी ट्रीटमेंट नहीं होने से समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। इसका खामियाजा स्थानीय लोगों, वाहन चालकों और चारधाम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार पत्थर गिरने से इस मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद वर्षों से सक्रिय इस स्लाइड जोन का स्थायी उपचार नहीं हो पाया है। बीआरओ के अधिकारियों का कहना है कि स्लाइड जोन के ट्रीटमेंट के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी करने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *