चारधाम यात्रा: ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन को उमड़े श्रद्धालु

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। सोमवार को चार हजार यात्रियों ने धामों के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। सुबह से शाम तक पंजीकरण की प्रकिया चली, जिसके बाद यात्री तीर्थदर्शन के लिए आस्थापथ पर रवाना हुए। सोमवार सुबह सात बजे चारधाम पंजीकरण कार्यालय एवं ट्रांजिट कैंप में यात्रियों के रजिस्ट्रेशन के लिए काउंटर खुले। पहले से ही रजिस्ट्रेशन के लिए काउंटरों पर खड़े यात्रियों ने कतार लगाकर पंजीकरण कराया। ज्यादातर यूपी, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल और मध्यप्रदेश के यात्री रजिस्ट्रेशन कराने के लिए पहुंचे। शाम सात बजे तक चार हजार यात्रियों का पंजीकरण किया गया। धामों के दर्शन के लिए उत्साहित यात्रियों ने पंजीकरण के बाद जय बदरी-जय केदार के उद्घोष के साथ यात्रा प्रारंभ की। अपर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने बताया कि यात्रियों की भीड़ के मुताबिक रोजाना रजिस्ट्रेशन का स्लॉट चार हजार निर्धारित किया गया है। यहां पहुंचने वाले हर यात्री को पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। ट्रांजिट कैंप में यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं को भी मुकम्मल रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। बताया कि अब यात्रियों को बैकलॉग नहीं बचा है। यहां पहुंचने वाले सभी यात्रियों को सुगम रजिस्ट्रेशन की सुविधा मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *