पर्यावरण मित्रों को किया सम्मानित
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर रक्दान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने सफाई-व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपना योगदान देने वाले पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया।
राजकीय बालिका इंटर कालेज कोटद्वार में आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि धरती पर बड़ा दान रक्तदान है। हमें अपने जन्मदिवस पर एवं अन्य शुभ कार्यों में अवश्य ही रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए आमजन से अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, शिक्षा और स्वास्थ्य के अधिकारों की रक्षा करने का अधिकार दिया। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने नगर निगम कोटद्वार में तैनात पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया। कहा कि पर्यावरण मित्रों के कारण ही हमारा शहर स्वच्छ व स्वस्थ है। इस मौके पर उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी, नगर आयुक्त वैभव गुप्ता, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र रावत, मंडल अध्यक्ष पंकज भाटिया, गजेंद्र रावत, विनोद रावत, अनीता आर्य, राजेंद्र बिष्ट, विजय रावत, नयन मोंगिया आदि मौजूद रहे।