-ओशादा फर्नांडो की हुई वापसी
नईदिल्ली, न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 18 सितंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका क्रिकेट टीम का ऐलान किया गया है।धनंजय डी सिल्वा की कप्तानी में ओशादा फर्नांडो की लम्बे समय के बाद वापसी हुई है। उन्होंने मार्च 2023 में अपना पिछला टेस्ट मैच खेला था।वहीं दिमुथ करुणारत्ने, एंजेलो मैथ्यूज और दिनेश चांदीमल जैसे अनुभवी खिलाडिय़ों को बरकरार रखा गया है।
इंग्लैंड दौरे पर हिस्सा लेने वाले निशान मदुष्का को टीम से बाहर किया गया है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के शुरुआती 2 टेस्ट में निराशाजनक प्रदर्शन किया था। उनके स्कोर क्रमश: 4, 0, 7 और 13 रन रहे थे।इंग्लैंड का दौरा करने वाले खिलाडिय़ों में से ऑलराउंडर निसाला थारका और तेज गेंदबाज कसुन राजिथा को भी टीम से बाहर रखा गया है।इन दोनों खिलाडिय़ों को इंग्लैंड दौरे पर प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला था।फर्नांडो ने श्रीलंका-ए के लिए दक्षिण अफ्रीका-ए के खिलाफ प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। उन्होंने 122 और 80 रन बनाए थे।उन्होंने अपने टेस्ट करियर में अब तक 21 मैच खेले हैं, जिसमें 33.06 की औसत के साथ 1,091 रन बनाए थे।इस बीच उन्होंने 1 शतक और 7 अर्धशतक लगाए थे। उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी करियर में 130 मैचों में 42.87 की औसत के साथ 8,790 रन बनाए थे।
न्यूजीलैंड ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 में 6 में से 3 टेस्ट जीते हैं और 3 हारे हैं। कीवी टीम 50 प्रतिशत अंक के साथ फिलहाल तीसरे स्थान पर है।श्रीलंका ने मौजूदा चक्र में 7 में से 3 टेस्ट जीते हैं और 4 में शिकस्त झेली है। श्रीलंकाई टीम 42.86 प्रतिशत अंक के साथ फिलहाल पांचवें पायदान पर बरकरार हैं।इस तालिका में भारतीय टीम शीर्ष पर मौजूद है।
18 सितंबर को पहले टेस्ट के बाद सीरीज का दूसरा और आखिरी मैच 26 सितंबर से खेला जाएगा। यह दोनों मैच गॉल अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जाएंगे।टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंकाई टीम: धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), दिमुथ करुणारत्ने, पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, एंजेलो मैथ्यूज, दिनेश चांदीमल, कामिंदु मेंडिस, सदीरा समरविक्रमा, ओशादा फर्नांडो, असिथा फर्नांडो, विश्वा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, प्रभात जयसूर्या, रमेश मेंडिस, जेफरी वेंडरसे और मिलन रथनायके।