देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने सोमवार को देहरादून में धर्मपुर विधायक विनोद चमोली के आवास पर प्रदर्शन किया। दल ने भाजपा नेताओं पर समाज में अशांति फैलाने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि दल की ओर से राष्ट्रीय पार्टियों के खिलाफ आंदोनल की शुरुआत कर दी है। केंद्रीय अध्यक्ष पूरन सिंह कठैत के नेतृत्व में काफी संख्या में कार्यकर्ता विधायक चमोली के नेहरू कॉलोनी स्थित आवास के बाहर जुटे और नारेबाजी की। यहां कठैत ने कहा कि यह अत्यंत ही खेदजनक बात है कि भाजपा नेता जाति, धर्म, वर्ग विशेष पर जानबूझकर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, ताकि जनता का ध्यान परिसीमन, मूल- निवास, भू कानून जैसे मुद्दों से हट जाए। संसदीय मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पहाड़वासियों के खिलाफ विधानसभा में अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। यह एक सोची समझी चाल है। केंद्रीय महामंत्री किरन रावत कश्यप ने कहा कि भाजपा राज्य आंदोलन को भुला देना चाहती है, ताकि वो जाति और धर्म के आधार पर आसानी से सत्ता पर काबिज हो सके। बताया कि अब दल मसूरी विधायक गणेश जोशी के आवास का घेराव करेगा। केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रमिला रावत ने कहा पहाड़ियों के अपमान को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मौके पर केंद्रीय महामंत्री राजेश्वरी रावत, केंद्रीय उपाध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय, वरिष्ठ नेता लकाफत हुसैन, केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवान, कार्यालय प्रभारी देवचंद उत्तराखंडी, केंद्रीय प्रवक्ता टीकम राठौर, पूर्व युवा अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, रामपाल, बिपिन रावत, शशि गंगवाल आदि मौजूद थे।