पूर्व सीएम ने किया शरदोत्सव का शुभारंभ, विद्यालयों की झांकियों और मार्च पास्ट ने मोहा मन

स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम हैं महोत्सव
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नगर पालिका परिषद पौड़ी की ओर से आयोजित शरदोत्सव का सोमवार को विधिवत शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आर्कषक झांकियां प्रस्तुत करने के साथ मार्च पास्ट निकाला। मुख्य अतिथि ने मार्च पास्ट की सलामी ली। वहीं शरदोत्सव के तहत आयोजित वार्ड स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। पहले मैच में वार्ड संख्या-8 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वार्ड संख्या-7 को 5-0 से पराजित किया।


उद्घाटन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शरदोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला, संस्कृति और हुनर प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय स्तर पर उभरने वाली प्रतिभाओं को आगे चलकर बड़े मंचों पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और उन्हें बाजार उपलब्ध कराने पर प्रधानमंत्री का विशेष जोर रहा है। इसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं तथा स्थानीय उत्पादों का दायरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की। कहा कि युवा पीढ़ी देश और समाज का भविष्य है। युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक कार्यों और बेहतर भविष्य के निर्माण में करना चाहिए। इस अवसर पर स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, नगर पालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल नेगी, ईओ नगर पालिका संजय कुमार सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *