प्रत्येक ब्लॉक में गौशाला स्थापित करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाएं : डॉ. अणथ्वाल

उत्तराखण्ड गौ सेवा आयोग की सामान्य कार्यकारिणी की प्रथम बैठक सम्पन्न
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : उत्तराखण्ड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष (डॉ.) पंडित राजेंद्र अणथ्वाल की अध्यक्षता एवं उपाध्यक्ष भूपेंद्र कण्डारी की उपस्थिति में सोमवार को पशुधन भवन मोथरोवाला में आयोग की सामान्य कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में गौशाला स्थापित करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए, ताकि निराश्रित गोवंश को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा सके।


इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष (डॉ.) पंडित राजेंद्र अणथ्वाल ने कहा कि उत्तराखण्ड सनातन की राजधानी है। देवभूमि उत्तराखण्ड के राज्य निर्माण की मूल परिकल्पना के अनुरूप राज्य सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में गो, गंगा, गायत्री एवं संत सेवा के कार्यों में निरंतर तत्परता से जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा में लगे सभी लोगों पर भगवान की विशेष कृपा है। जहां गाय का अनादर होता है, वहां दुर्दशा होना निश्चित है। इस बात पर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। गोमाता के प्रति सम्मान, सेवा एवं संरक्षण हमारी सनातन संस्कृति के मूल भाव हैं। अध्यक्ष ने कहा कि निराश्रित गोवंश के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता न हो तथा गौसदनों एवं गौशालाओं में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। गोवंश के भरण-पोषण के लिए मिलने वाला अनुदान निर्धारित समय के भीतर गोसेवकों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि गौसदनों को दिए जाने वाले अनुदान से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख तक पूर्ण कर ली जाएं, ताकि गौसदनों को समय से अनुदान उपलब्ध कराया जा सके और गोवंश के भरण-पोषण एवं देखभाल में किसी प्रकार की बाधा न आए। अध्यक्ष ने गोहत्या, गौकशी, गौमांस तथा गौ तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए और अधिक सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि गौमांस पकड़े जाने की कार्रवाई के दौरान नमूने एकत्रित करने के लिए मौके पर पहुंचने वाले पशु चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही इस संबंध में थाना स्तर पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करने को कहा, जिससे ऐसी कार्रवाई में जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। बैठक में निदेशक पशुपालन डॉ. उदय शंकर, संयुक्त सचिव पशुपालन आलोक कुमार सिंह, कृषि/राजस्व से अर्पण कुमार राजू, वन विभाग से मुकेश कुमार राय, अनु सचिव वित्त कृष्ण बडोनी, सीओ डालनवाला नितिन लोहानी सहित गो सेवा आयोग के सदस्यगण एवं विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तराखण्ड में 1123 गौसदन पंजीकृत
बैठक में मुख्य पशु अधिशासी अधिकारी, उत्तराखण्ड पशुधन विकास परिषद ने बताया कि पशु कल्याण बोर्ड के अंतर्गत प्रदेश में कुल 112 गौसदन पंजीकृत हैं, जिनमें 91 एनजीओ के माध्यम से तथा 21 अनुबंध के आधार पर संचालित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि 21,454 गोवंश के भरण-पोषण हेतु प्रथम किश्त के रूप में 21 करोड़ 91 लाख रुपये की धनराशि संबंधित जनपदों के जिलाधिकारियों को उपलब्ध करा दी गई है। वहीं, द्वितीय किश्त के रूप में 26 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इस दौरान अवगत कराया गया कि डेयरी संचालकों के पंजीकरण से संबंधित नियमावली तैयार कर शासन को भेज दी गई है। यह भी अवगत कराया गया कि गोवंश के भरण-पोषण के लिए भूसे पर दी जाने वाली सब्सिडी शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *