छठवें दिन भी जारी रही आशा कार्यकर्ताओं की हड़ताल

42 हजार रुपये न्यूनतम मासिक वेतन सहित विभिन्न मांगों को लेकर तहसील परिसर में दिया धरना
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मानदेय में बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर आशा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की हड़ताल सोमवार को छठवें दिन भी जारी रही। आशा कार्यकर्ताओं ने मानदेय वृद्धि का शासनादेश जारी नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।


हड़ताल के छठवें दिन ब्लाक अध्यक्ष प्रभा चौधरी के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ता तहसील परिसर में एकत्र हुईं। यहां उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगों को उठाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्तमान में उन्हें बेहद कम मानदेय दिया जा रहा है। इससे परिवार का भरण-पोषण करने के साथ ही बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाना भी मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से मानदेय बढ़ाने का आश्वासन दिया गया था। इसके लिए हाईपावर कमेटी का गठन भी किया गया, लेकिन अभी तक न तो मानदेय वृद्धि का शासनादेश जारी हुआ और न ही इस संबंध में कोई वार्ता की गई। इससे आशा कार्यकर्ताओं में नाराजगी है और वे खुद को उपेक्षित महसूस कर रही हैं। आशा कार्यकर्ताओं ने सरकार से 42 हजार रुपये प्रतिमाह न्यूनतम वेतन देने, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) का लाभ देने, सेवानिवृत्ति पर पेंशन की व्यवस्था करने और अन्य राज्यों की तर्ज पर सेवानिवृत्ति पर पांच लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि देने की मांग की। इसके अलावा 46वें श्रम सम्मेलन की सिफारिशें लागू करने, आशा कार्यकर्ताओं को कर्मकार घोषित करने तथा मानदेय और प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) का भुगतान पूर्व की भांति स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से करने की मांग उठाई। इस मौके पर कल्पना काला, दीपा गुसाईं, आशा ढौंडियाल, रोशनी, संगीता रावत, कुसुम रावत, सरोज देवी, कलावती और हेमलता आदि मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *