भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू कराने के लिए मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आशुलिपिक भर्ती प्रक्रिया स्थगित किए जाने पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने नाराजगी जताई है। परिषद का कहना है कि भर्ती की तैयारी में पिछले तीन-चार वर्षों से जुटे युवाओं को अचानक प्रक्रिया स्थगित होने से निराशा का सामना करना पड़ रहा है। परिषद ने मुख्यमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू कराने की मांग की है।

अपर कालाबड़ में आयोजित बैठक में पूर्व सैनिकों ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को अचानक स्थगित करना उन युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है, जो लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे निर्णय से अभ्यर्थियों की मेहनत और समय दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र बहाल करने की मांग की। बैठक में बताया गया कि इस मुद्दे को लेकर रामकंडवाल के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की बात कही। इस मौके पर बलवान सिंह रावत, अनूप बिष्ट, संजय असवाल, वीरेंद्र रावत, दलबीर सिंह और गोपाल कृष्ण बड़थ्वाल आदि मौजूद रहे।