जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण के लिए नगर निगम ने भाबर के झंडीचौड़ उत्तरी में अस्थायी पशु जन्म नियंत्रण केंद्र (एबीसी सेंटर) शुरू कर दिया है। 24.50 लाख रुपये की लागत से तैयार इस केंद्र में आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। हालांकि, केंद्र में कुत्तों को अलग-अलग रखने के लिए केज की व्यवस्था नहीं होने से इसकी तैयारियों पर सवाल भी उठने लगे हैं।

सोमवार को महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने नवनिर्मित केंद्र का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से पशु जन्म नियंत्रण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह केंद्र स्थापित किया गया है। यहां निर्धारित मानकों के अनुरूप आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण किया जाएगा। इससे कुत्तों की बढ़ती आबादी को नियंत्रित करने के साथ ही नागरिकों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। एबीसी सेंटर में आवारा कुत्तों को अलग-अलग रखने के लिए केज की व्यवस्था नहीं की गई है। सोमवार को उद्घाटन के दौरान पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वीके गुप्ता ने इस पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कुत्तों को एक ही कमरे में रखने से उनके आक्रामक होने की आशंका बनी रहेगी। ऐसे में केंद्र में अलग-अलग केज की व्यवस्था होना जरूरी है। इस पर नगर निगम अधिकारियों ने जल्द ही कक्षों में केज लगाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर नगर आयुक्त पीएल शाह, सहायक आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वीके गुप्ता, डॉ. चारू गुप्ता, सफाई निरीक्षक सुनील चौधरी, सहायक सफाई निरीक्षक सौरभ चौहान, पशु प्रेमी सुषमा जखमोला, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष रावत, पार्षद रजनीश बेबनी, विवेक शाह, मनीष नैथानी, सुखपाल शाह, भीम सिंह नेगी, राजेंद्र सिंह बिष्ट और जेपी बहुखंडी आदि मौजूद रहे।