स्वास्थ्य कर्मियों को दिया शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं मृत्यु दर में कमी लाने का प्रशिक्षण

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : स्वास्थ्य विभाग पौड़ी की ओर से मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल की अध्यक्षता में नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं बेहतर देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 15 से 21 नवंबर 2026 तक मनाए जाने वाले नवजात शिशु सप्ताह को लेकर सोमवार को जिला चिकित्सालय पौड़ी में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने हेतु प्रभावी चिकित्सकीय प्रबंधन को लेकर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया।


प्रशिक्षण कार्यक्रम में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हितेन जंगपानी द्वारा उपस्थित चिकित्सा कर्मियों को नवजात शिशुओं की गुणवत्तापूर्ण देखभाल,जन्म के तुरंत बाद आवश्यक देखभाल, कंगारू मदर केयर, टीकाकरण, संक्रमण से बचाव तथा नवजात शिशुओं में खतरे के लक्षणों की समय पर पहचान आदि को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने, स्तनपान के तरीके एवं उसके महत्व, नवजात शिशुओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने, उच्च जोखिम वाले नवजात शिशुओं की समयबद्ध पहचान एवं उचित रेफरल व्यवस्था, नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल, नवजात अवस्था में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं, उनकी समय पर पहचान एवं प्रबंधन तथा आवश्यक चिकित्सकीय सावधानियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस मौैके पर सीएमएस जिला चिकित्सालय डॉ. एल.डी. सेमवाल, डॉ. अलीशा सचदेवा, डॉ. राजनंदिनी सहित अन्य चिकित्सा कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *