सरे बाजार स्मार्ट मीटर पर बरसाए डंडे, कांग्रेस कार्यकर्ता ने तोड़ा; वीडियो इंटरनेट पर वायरल

बालाघाट , जिले में बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर का विरोध हिंसक हो गया है। लालबर्रा कस्बे में एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने भरे बाजार में नए स्मार्ट मीटर को जमीन पर पटककर डंडे से तोड़ दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारी सीनियर इंजीनियर सरफराज कुरैशी के निर्देशन में लालबर्रा मुख्यालय की दुकानों पर स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता मनीष कुशवाहा ने कुछ अन्य दुकानदारों के साथ मिलकर इसका विरोध शुरू कर दिया।
अधिकारियों द्वारा जब मीटर लगाने पर जोर दिया गया तो मनीष कुशवाहा का गुस्सा भड़क गया। उसने एक नया स्मार्ट मीटर छीनकर उसे बाजार चौक पर जमीन पर पटक दिया और फिर डंडे से पीट-पीटकर उसे तोड़ दिया। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो गया है।
स्थानीय दुकानदारों और लोगों में यह आशंका है कि स्मार्ट मीटर लगने से उनके बिजली के बिल बहुत ज्यादा आएंगे। वे पुराने मीटर को ही जारी रखने की मांग कर रहे हैं और इसी वजह से नए मीटर लगाने का विरोध किया जा रहा है।
विद्युत विभाग के सीनियर इंजीनियर सरफराज कुरैशी की शिकायत पर लालबर्रा थाना पुलिस ने आरोपी मनीष कुशवाहा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। विभाग ने अपनी शिकायत में मीटर तोड़े जाने से 9 हजार रुपये का नुकसान होने की बात भी कही है। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ता के विरोध करने के इस तरीके को गलत ठहराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *