महंत ने मंदिर को सैनिटाइज न करने पर जताई आपत्ति

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। क्यूकांलेश्वर महादेव मंदिर के महंत अभय चैतन्यानंद मुनि ने सैनिटाइज किए बिना मंदिरों को खोले जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। महंत का कहना है कि प्रशासन ने मंदिरों को सैनिटाइज नहीं किया है, जिससे संक्रमण का खतरा है। वहीं प्रशासन का कहना है कि धार्मिक स्थलों की प्रबंधन समितियों को स्वयं ही सैनिटाइज की व्यवस्था करनी है। इसके लिए सभी को निर्देशित किया गया है।
अनलॉक-1 के पहले दिन सोमवार को सभी धार्मिक स्थल खोल दिए हैं। शहर क्षेत्र के मंदिरों में भी लोग दर्शनार्थ पहुंचे। क्यूंकालेश्वर मंदिर के महंत अभय चैतन्यानंद मुनि ने मंदिरों को सैनिटाइज न किए जाने पर नाराजगी जताई। महंत ने कहा कि उन्होंने पूर्व में ही प्रशासन को लिखित सूचना दी थी कि वह मंदिर को सैनिटाइज नहीं कर सकते। इसके लिए उनके पास कोई व्यवस्था नहीं है। इसके बावजूद प्रशासन ने मंदिर को सैनिटाइज नहीं किया है। प्रशासन ने शारीरिक दूरी के पालन के लिए दो होमगार्ड मंदिर परिसर में तैनात किए थे। वह भी दो बजे बाद घर लौट गए थे। वहीं एडीएम डा. एसके बरनवाल ने कहा कि सभी धार्मिक स्थलों के सैनिटाइज की व्यवस्था धार्मिक स्थलों की प्रबंधन समितियों को ही करनी है। इस संबंध में पूर्व में ही निर्देश जारी किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *