एमकेवीएन बना द्वितीय आरसी ढ़ौडियाल मेमोरियल इंटर स्कूल गल्र्स वॉलीबॉल टूर्नामेंट का चैंपियन

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : एमकेवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कण्वघाटी की बालिका वॉलीबॉल टीम ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा और शानदार टीम वर्क का परिचय देते हुए द्वितीय आरसी ढ़ौडियाल मेमोरियल इंटर स्कूल गल्र्स वॉलीबॉल टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।


आरसीडी पब्लिक स्कूल में आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में एमकेवीएन की टीम ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा। टूर्नामेंट में टीम का सफर जोश जज्बा और जुनून के साथ पहले राउंड में बाई मिलने के बाद क्वार्टर फाइनल में एमकेवीएन की टीम ने स्कॉलर्स स्कूल को सीधे सेटों में 15-5 और 15-6 से एक तरफा शिकस्त दी। सेमीफाइनल मुकाबले में एमकेवीएन का सामना बलूनी पब्लिक स्कूल से हुआ। टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बलूनी पब्लिक स्कूल को 21-17 और 21-15 से पराजित किया और फाइनल में जगह पक्की की। रोमांचक फाइनल खिताबी मुकाबले में एमकेवीएन का सामना राइजिंग सन स्कूल से हुआ। कड़े और रोमांचक मुकाबले में एमकेवीएन की बेटियों ने अद्भुत आत्मविश्वास और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए सीधे सेटों 21-15 और 21-16 से 2-0 की शानदार जीत दर्ज कर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजयी टीम के विद्यालय पहुंचने पर प्रबंधक प्रकाश चंद्र कोठारी ने सभी खिलाड़ियों और टीम कोच अशोक जखमोला को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के कार्यकारी निदेशक मयंक प्रकाश कोठारी भारतीय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हमारी बेटियों ने मैदान पर जिस अनुशासन, समर्पण और अदम्य साहस का परिचय दिया है, वह पूरे एमकेवीएन परिवार के लिए गर्व का विषय है। कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस ही नहीं, बल्कि जीवन में नेतृत्व और टीम वर्क भी सिखाते हैं। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षा निदेशक सिंधु कोठारी, प्रशासनिक निदेशक विपिन जदली, प्रधानाचार्य सुनीता नैथानी आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *