एसएसपी बोले नशा तस्करों की सप्लाई चेन को पूर्णत: ध्वस्त करना प्राथमिकता

नव नियुक्त एसएसपी देवेन्द्र पींचा ने की प्रेस वार्ता
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नव नियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी देवेन्द्र पींचा ने कहा कि जनपद में अपराध नियंत्रण एवं पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना, नशा तस्करों की सप्लाई चेन को पूर्णत: ध्वस्त करना तथा नशे की बिक्री, आपूर्ति, परिवहन एवं वितरण से जुड़ी प्रत्येक कड़ी पर कठोर वैधानिक कार्यवाही करना प्राथमिकता रहेगी। कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करते हुए जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं जनता में सुरक्षा की भावना विकसित करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।


शनिवार को नव नियुक्त एसएसपी देवेन्द्र पींचा ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि पुलिस एवं पत्रकारिता दोनों ही समाज के प्रति महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हैं। पुलिस एवं मीडिया के मध्य बेहतर समन्वय और पारस्परिक सहयोग एवं सकारात्मक संवाद सुशासन और जनहित के लिए महत्वपूर्ण है। कहा कि पुलिस एवं मीडिया के मध्य बेहतर समन्वय, पारस्परिक विश्वास एवं नियमित संवाद स्थापित होने से जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से सामने लाने, आमजन तक सही एवं तथ्यपरक सूचनाएं पहुंचाने तथा जनसुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। उन्होंने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि जनपद पुलिस द्वारा मीडिया के साथ सकारात्मक एवं सहयोगात्मक संबंध बनाए रखते हुए जनहित से जुड़े विषयों पर आवश्यक सूचनाओं का समयबद्ध एवं तथ्यपरक आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं जाम की समस्या से निपटने के लिए बेहतर यातायात प्लान तैयार किया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित चेकिंग एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। एसएसपी ने वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को गंभीर चुनौती बताते हुए साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा साइबर ठगी के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान संचालित करने पर जोर दिया। कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशीलता के साथ त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *